April 21, 2025

E9 News

Search for the Truth

‘खट्टर से सभी विधायक संतुष्ट, उपमुख्यमंत्री बनाने की कोई चर्चा नहीं’

E9 News चंडीगढ़: हरियाणा की मंत्री कविता जैन ने प्रदेश में उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति संबंधी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि भाजपा में ऐसी कोई चर्चा नहीं हो रही है। पंचकुला में माता मनसा देवी मंदिर में राम नवमी के अवसर पर परिजनों के साथ यज्ञ करने पहुंची शहरी निकाय मंत्री जैन ने कहा कि वित्त मंत्री अभिमन्यु या किसी अन्य को राज्य का उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने पर कोई चर्चा नहीं हुई है। कविता जैन ने कहा कि पूरा कैबिनेट और सभी विधायक मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व से संतुष्ट हैं। राज्य कैबिनेट में तुरंत बदलाव होने को लेकर मीडिया में आयी खबरों पर जैन ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि हरियाणा सरकार प्रदेश को आगे ले जाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। पूरी कैबिनेट और हमारी पार्टी के सभी विधायक मुख्यमंत्री के नेतृत्व से संतुष्ट हैं। गौरतलब है कि हरियाणा के कई विधायक अपनी ही पार्टी द्वारा नजरअंदाज किए जाने की बात कह चुके हैं।